home page

होली पर पानी की नहीं होगी किल्लत, निगम ने किए विशेष प्रबंध

 | 
होली पर पानी की नहीं होगी किल्लत, निगम ने किए विशेष प्रबंध


धमतरी, 02 मार्च (हि.स.)। रंगों के पर्व होली पर इस बार शहरवासियों को पानी की कमी से जूझना नहीं पड़ेगा। नगर निगम के जल विभाग ने चार मार्च को होने वाले होली उत्सव को देखते हुए विशेष इंतजाम किए हैं।

जल विभाग के प्रभारी अखिलेश सोनकर ने बताया कि होली के दिन शहर में तीन बार जलापूर्ति की जाएगी, ताकि किसी भी वार्ड में पानी की समस्या उत्पन्न न हो। पर्व के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में पानी की मांग अधिक रहती है, इसे ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त व्यवस्था की गई है।

विभाग द्वारा सभी मोटर पंपों की जांच और आवश्यक मरम्मत कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया है। जिन क्षेत्रों में मोटर पंप के माध्यम से जलापूर्ति होती है, वहां भी निर्बाध वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। जलाशयों में पर्याप्त जल भंडारण कर लिया गया है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त मोटर पंप भी तैयार रखे गए हैं। साथ ही जल विभाग की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। किसी भी क्षेत्र में तकनीकी समस्या आने पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जल आपूर्ति प्रभावित न हो। अखिलेश सोनकर ने नागरिकों से अपील की है कि होली के दौरान पानी का उपयोग संयम और आवश्यकतानुसार करें, जिससे सभी क्षेत्रों में समान रूप से जलापूर्ति बनी रहे। यदि किसी वार्ड में जलापूर्ति से जुड़ी समस्या आती है तो इसकी सूचना तुरंत जल विभाग को दें, ताकि शीघ्र समाधान किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा