जिले के कई पेट्रोल पंप में ईंधन नहीं, लोग परेशान
कई पेट्रोल पंप में वाहनों की लग रही लंबी कतार
धमतरी, 07 जून (हि.स.)। जिले में पेट्रोल-डीजल की कमी बरकरार है। शहर समेत ग्रामीण अंचल में संचालित अधिकांश पेट्रोल पंप में पेट्रोल-डीजल नहीं है। इसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के आंबेडकर चौक, रूद्री रोड के पेट्रोल पंप सहित कुछेक पेट्रोल पंप को छोड़कर अधिकांश पेट्रोल पंप में ईंधन नही है। इससे लोग परेशान हैं।
सुबह से ही पेट्रोल में छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें पंपों पर देखने को मिल रही है। लोग घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के पेट्रोल पंपों में कई वाहन चालक जरकीन और डिब्बे लेकर भी पेट्रोल-डीजल भरवाने पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार माहभर से जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों में ईंधन की आपूर्ति प्रभावित हुई है। कुरुद और आसपास संचालित दर्जनभर से अधिक पंपों की भी स्थिति कमोबेश यही है। शहर के रत्नाबांध चौक सहित कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल नहीं है की तख्ती लटका दी गई है, जिससे वाहन चालकों की परेशानी और बढ़ गई है।
इसी तरह भखारा क्षेत्र के कई पंपों में भी स्टाक खत्म होने की स्थिति बनी हुई है। दोपहर से ही पंपों पर भीड़ बढ़नी शुरू हो जाती है, जो देर रात तक जारी रहती है। कई पेट्रोल पंप में मोटरसाइकिल, कार, ट्रैक्टर, ट्रक, मेटाडोर और पिकअप वाहनों की लंबी कतारें लग रही है। वाहन मालिकों और चालकों के बीच ईंधन संकट को लेकर तरह-तरह की चर्चा हो रही है। इधर जिला प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में होने का दावा किया है।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा है कि जिले के पेट्रोल पंपों में पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है तथा जिन पंपों में कमी की स्थिति बनी है वहां आयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से ईंधन का संग्रहण नहीं करने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

