बीजापुर में आंध्र समाज की नौ दिवसीय गौरी पूजा ‘बतुकम्मा’ उत्सव जारी
बीजापुर, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय बीजापुर में जय स्तंभ चौक स्थित शिव मंदिर के बाजू में आंध्र समाज समिति द्वारा नौ दिवसीय गौरी पूजा ‘बतुकम्मा’ उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
इस अवसर पर समिति की महिलाओं ने आकर्षक पंडाल सजाकर रंग-बिरंगे फूलों से गौरी की आकृति तैयार की है और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर रही हैं। तेलंगाना की पारंपरिक संस्कृति से जुड़े इस पर्व का विशेष महत्व है। बतुकम्मा उत्सव में महिलाएं विभिन्न प्रकार के फूलों को सजाकर देवी गौरी की पूजा करती हैं तथा पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उत्सव मनाती हैं। बीजापुर में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाएं अपनी धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास कर रही हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में महिलाओं की सहभागिता से उत्सव का माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
कार्यक्रम में श्रीमती पी. कविता, श्रीमती पी. देवी, श्रीमती के. श्रवण्ति, श्रीमती लक्ष्मी पडाला, श्रीमती पी. रानी, श्रीमती डी. श्यामला, श्रीमती ममता जायसवाल, श्रीमती दीप्ती पडाला और श्रीमती चित्तापुरी संध्या, जी. वैशाली,,पी. शालनी, श्रीमती, जी राज लक्ष्मी, श्रीमती अनीता कोन्ड्रा, रंजना कोन्ड्रा, संध्या कटला समेत समाज की अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

