home page

बीजापुर में नक्सली डंप से नाइट विजन डिवाइस एवं बड़ी मात्रा में मेडिकल सामग्री बरामद

 | 
बीजापुर में नक्सली डंप से नाइट विजन डिवाइस एवं बड़ी मात्रा में मेडिकल सामग्री बरामद


बीजापुर, 23 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंजेपर्ती के घने जंगल और पहाड़ी इलाके से साेमवार काे नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गये कई अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं मेडिकल सामग्री का डंप बरामद किया है। तलाशी के दौरान जमीन में छिपाकर रखे गए नाइट विजन डिवाइस, वायरलेस सेट, कैमरा सहित कई अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बड़ी मात्रा में मेडिकल सामग्री का नक्सल डंप मिला है।

बीजापुर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि गुंजेपर्ती के जंगल में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखी है। इस सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बल की टीम को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया। साेमवार को उसूर थाना मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम दिशा में सघन तलाशी के दौरान जवानों को नक्सली डंप मिला है। बरामद की गई नक्सली डंप सामग्री में नाइट विजन डिवाइस और वायरलेस सेट के अलावा सोल्डरिंग मशीन, बैटरी, चार्जर, टॉर्च, एलईडी लैंप, मल्टीमीटर, दवाइयां और दैनिक उपयोग के अन्य सामग्री शामिल हैं। पुलिस ने सभी उपकरणों को जब्त कर थाना उसूर में कार्यवाही की जा रही है। वहीं इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तकनीकी जांच की जा रही है।

बीजापुर एसपी उमेश कुमार गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए लोगों से अपील की है कि जंगल या पगडंडियों पर कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री दिखाई दे, तो उसे बिल्कुल न छुएं। इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या सुरक्षा कैंप को दें। वर्तमान में सुरक्षा बल पूरे क्षेत्र में लगातार सर्चिंग, एरिया डॉमिनेशन और डीमाइनिंग अभियान चला रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे