बेमेतरा सीएचएमओ के अभद्र व्यवहार पर एनएचएम संघ ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
बेमेतरा सीएचएमओ के अभद्र व्यवहार पर एनएचएम संघ ने किया प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन
कोंडागांव, 18 अगस्त (हि.स.)। बेमेतरा जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में मंगलवार को कोंडागांव जिला एनएचएम संघ ने प्रदर्शन किया। जिलेभर के एनएचएम कर्मचारी और बड़ी संख्या में महिला सीएचओ रैली के रूप में कोंडागांव एसडीएम कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने बेमेतरा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल पद से हटाने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
एनएचएम संघ के पदाधिकारियों ने बेमेतरा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कथित व्यवहार को कर्मचारियों के सम्मान और मनोबल को प्रभावित करने वाला बताया। उनका कहना है कि सीएचओ और एनएचएम कर्मचारी ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विषम परिस्थितियों के बीच स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में कार्यस्थल पर कर्मचारियों के साथ कथित अभद्र व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में बेमेतरा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को पद से हटाने, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
महिला प्रकोष्ठ की पदाधिकारियों और महिला सीएचओ ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर मामले पर नाराजगी जताई है।एनएचएम संघ ने कहा कि कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और सुरक्षित कार्य वातावरण से समझौता नहीं किया जाएगा। संघ ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित करना नहीं, बल्कि स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सम्मानजनक और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करना है। मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं होने पर प्रदेश स्तर पर आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला अध्यक्ष थलेश सूर्यवंशी, कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण कुमार पटेल, जिला कार्यकारी सदस्य सुमित साहू, जिला उपाध्यक्ष कांतेश देवांगन, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष कौशल्या मंडावी और जिला सीएचओ संघ की उपाध्यक्ष भाग्या कोडोपी ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

