नव निर्वाचित पंचों ने जाना अपना अधिकार, अपना कर्तव्य
नव निर्वाचित पंचों के लिए हुआ प्रशिक्षण
धमतरी, 04 फ़रवरी (हि.स.)। ग्राम पंचायत भवन में शासन के दिशा-निर्देशानुसार नव निर्वाचित पंचों के लिए बुधवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचों को उनके दायित्वों, अधिकारों तथा पंचायत व्यवस्था की कार्यप्रणाली से अवगत कराना रहा, ताकि वे अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नव निर्वाचित पंचों को पंचायती राज व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें पंचायत के कार्य, जिम्मेदारियों और अधिकारों के साथ-साथ ग्राम विकास में उनकी भूमिका को समझाया गया। प्रशिक्षण के दौरान कर व्यवस्था की जानकारी भी दी गई, जिसमें पंचायत करों का निर्धारण, वसूली तथा उनके उपयोग के विषय में विस्तार से बताया गया। साथ ही पंचायत को आर्थिक, सामाजिक और प्रशासनिक रूप से सुदृढ़ बनाने के उपायों पर भी चर्चा की गई।
मास्टर ट्रेनर दीनाराम चेलक ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए बताया कि शासन द्वारा क्लस्टर वाइज प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत अर्जुनी क्लस्टर में अर्जुनी, खपरी और भानपुरी ग्राम पंचायतों के नव निर्वाचित पंचों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि इसी तरह चरणबद्ध तरीके से सभी ग्राम पंचायतों में नव निर्वाचित पंचों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों की कार्यक्षमता और निर्णय लेने की क्षमता में वृद्धि हो सके। प्रशिक्षण के दौरान पंचों को सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्राम सभा के आयोजन, विकास कार्यों की निगरानी, पारदर्शिता बनाए रखने तथा आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। पंचों से अपेक्षा की गई कि वे ग्रामवासियों के हित में निष्पक्ष और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर सरपंच इंदू मोहित ध्रुव, उपसरपंच लोकेश सिन्हा, पंचायत सचिव संतराम ध्रुव सहित अर्जुनी, खपरी और भानपुरी ग्राम पंचायतों के बीके पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे नव निर्वाचित पंचों को अपने दायित्वों को समझने और बेहतर ढंग से कार्य करने में सहायता मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

