भाजपा सोशल मीडिया के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने पदभार संभाला
नई दिल्ली/रायपुर 19 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सोशल मीडिया विभाग के नवनियुक्त राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के एवं राष्ट्रीय सह-संयोजकों ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण किया।
यह नियुक्तियाँ पार्टी नेतृत्व द्वारा हाल ही में गठित राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अंतर्गत की गई हैं। राष्ट्रीय संयोजक म्हस्के के साथ नवनियुक्त राष्ट्रीय सह-संयोजक. प्रीति गांधी, शिवानन्द द्विवेदी, आलोक भट्ट व अरुण यादव ने भी पदभार सम्भाला।
पदभार संभालने के उपरांत नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के इस युग में पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन की विचारधारा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने नई टीम को शुभकामनाएँ दीं।
इस मौके पर म्हस्के ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। म्हस्के ने निवर्तमान संयोजक अमित मालवीय का आभार मानते हुए कहा कि मालवीय ने वर्षों के अथक परिश्रम और नेतृत्व से भाजपा की डिजिटल उपस्थिति को एक मजबूत आधार और नई पहचान दी। उनके अनुभव और मार्गदर्शन के साथ इस मजबूत विरासत को आगे बढ़ाना हमारे लिए सम्मान और जिम्मेदारी, दोनों है। म्हस्के ने कहा कि नई तकनीक, नए डिजिटल माध्यमों और नई पीढ़ी की संवाद शैली के साथ पार्टी के विचार, सरकार के कार्य और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक और प्रभावी ढंग से पहुँचाया जाना आज की महती आवश्यकता है। म्हस्के ने संगठन के विश्वास को पूरी निष्ठा, समर्पण और परिश्रम से निभाने का संकल्प व्यक्त करते हुए सभी के मार्गदर्शन व सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

