home page

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में नए बाघ की दस्तक, कैमरे में कैद हुई तस्वीर

 | 
उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में नए बाघ की दस्तक, कैमरे में कैद हुई तस्वीर


उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में नए बाघ की दस्तक, कैमरे में कैद हुई तस्वीर


धमतरी, 07 मार्च (हि.स.)। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र से वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक और सुखद खबर सामने आई है। रिजर्व क्षेत्र में एक नया बाघ कैमरा ट्रैप में कैद हुआ है। इसके साथ ही अब इस क्षेत्र में दो बाघों की मौजूदगी की संभावना जताई जा रही है, जबकि अब तक यहां तीन बाघों की चहलकदमी दर्ज की जा चुकी है।

वन विभाग से शनिवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दो वर्षों से वन्य प्राणियों के लिए बेहतर और अनुकूल वातावरण तैयार करने के प्रयास किए जा रहे थे, जिसका सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगा है। उदंती-सीतानदी अभयारण्य में लगातार विभिन्न वन्य जीवों और पक्षियों की गतिविधियां बढ़ी हैं, वहीं बाघों की आवाजाही भी बढ़ने लगी है। उपनिदेशक वरुण जैन ने बताया कि 5 मार्च को एक नए बाघ की मौजूदगी कैमरा ट्रैप में दर्ज हुई है। करीब 50 दिन पहले जिस बाघ के पगमार्क मिले थे, वही अब कैमरे में कैद हुआ है। जिस स्थान पर 10 कैमरे लगाए गए थे, वहां बाघ की उपस्थिति दर्ज की गई है।

पूरे रिजर्व क्षेत्र में लगभग 300 कैमरे लगाए गए हैं और जल्द ही अन्य तस्वीरें भी सामने आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि अप्रैल 2025 में एक बाघ इस क्षेत्र में आया था, जो अक्टूबर 2025 में आगे बढ़ते हुए बारनवापारा क्षेत्र की ओर चला गया। इसके बाद दूसरे बाघ की पहचान हुई थी और अब तीसरे बाघ की तस्वीर सामने आई है। वर्तमान में क्षेत्र में दो बाघों की मौजूदगी की संभावना जताई जा रही है, जो वन विभाग के संरक्षण प्रयासों के लिए उत्साहजनक संकेत माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा