कोरबा में कांग्रेस ने मनाई पं. जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती, दी श्रद्धांजलि
कोरबा, 14 नवंबर (हि. स.)।कोरबा जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा शहर द्वारा टीपी नगर स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती आज मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके जीवन, व्यक्तित्व और देश की आजादी में दिए गए योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश राठौर ने पंडित नेहरू के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेहरू जी बच्चों से बेहद प्यार करते थे, इसलिए बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद वे वकील बने और महात्मा गांधी के साथ स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की आजादी के लिए उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा।
महिला जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम द्विवेदी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू जी का विशेष योगदान रहा। वे अपने विचारों को सरलता और स्पष्टता के साथ प्रस्तुत करते थे। भारतीय संस्कृति के प्रति उनका गहरा लगाव था और वे विश्व इतिहास के विभिन्न पहलुओं के भी जानकार थे।
ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष गजानंद साहू ने कहा कि पंडित नेहरू शांतिप्रिय और मेहनती व्यक्तित्व के धनी थे। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण ही उनकी जयंती 14 नवंबर को देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।
अजा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष नारायण कुर्रे ने कहा कि पंडित नेहरू केवल राजनीतिज्ञ ही नहीं, बल्कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी चिंतक और महान लेखक भी थे। उन्होंने देश-विदेश में लोगों का सम्मान और स्नेह प्राप्त किया। राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के लिए उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू ने कहा कि नेहरू जी का व्यक्तित्व राजनीति, अर्थशास्त्र, चिंतन और साहित्य जैसे विभिन्न क्षेत्रों में प्रभावशाली था। उनकी उदारता और बहुमुखी प्रतिभा उन्हें विशिष्ट बनाती थी।
इस अवसर पर पार्षद रवि चंदेल, डॉ. रामगोपाल कुर्रे, पूर्व पार्षद डॉ. रामगोपाल यादव, पार्षद बद्री किरण, जिला महामंत्री मनहरण राठौर (इंटक), जिला पदाधिकारी सुभद्रा सिंह, हिमांशु सिंह तथा जिला कांग्रेस कार्यालय महामंत्री सुरेश कुमार अग्रवाल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। सभी ने पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

