home page

धान खरीद की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी केंद्रों की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें : कलेक्टर

 | 
धान खरीद की तैयारियों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सभी केंद्रों की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करें : कलेक्टर


95 उपार्जन केंद्रों के नोडल अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

तौल मशीनों का सत्यापन, आर्द्रतामापक यंत्र और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 30 अक्टूबर (हि. स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियों को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में शुक्रवार काे नोडल अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 नवंबर से शुरू होने वाली खरीद से पहले सभी उपार्जन केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। किसी भी केंद्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए।

धान खरीद 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। मास्टर ट्रेनरों ने 30 अक्टूबर को नोडल अधिकारियों को खरीदी प्रक्रिया और आवश्यक तैयारियों का प्रशिक्षण दिया। जिले में कुल 95 धान उपार्जन केंद्र हैं। इनमें सारंगढ़ विकासखंड में 30, बरमकेला में 27 और बिलाईगढ़ में 38 केंद्र शामिल हैं। कलेक्टर ने केंद्रवार वर्तमान स्थिति की जानकारी लेकर अधिकारियों को शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने कहा। कलेक्टर ने तौल मशीनों का सत्यापन समय पर कराने और आर्द्रतामापक यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिन केंद्रों में आर्द्रतामापक यंत्र या सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में नहीं हैं, वहां तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने कहा।

उन्होंने खरीद शुरू होने से पहले सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं पूर्ण करने पर जोर दिया। धान खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित रखने के लिए सभी केंद्रों की सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। राज्य, जिला और विकासखंड स्तर पर केंद्रों की मॉनिटरिंग होगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को खरीद व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। किसानों को टोकन के लिए ‘तुहर टोकन’ मोबाइल एप की सुविधा दी गई है। किसान समिति में जाकर भी टोकन कटवा सकते हैं। इस वर्ष दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों के लिए एक, दो से दस एकड़ तक भूमि वाले किसानों के लिए दो और दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों के लिए तीन टोकन की व्यवस्था की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT