home page

जांजगीर-चांपा में नवरात्रि पर ट्रैफिक प्लान जारी, नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद

 | 
जांजगीर-चांपा में नवरात्रि पर ट्रैफिक प्लान जारी, नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों की एंट्री बंद


जांजगीर-चांपा, 09 अक्टूबर (हि. स.)। शारदीय नवरात्रि पर्व के दौरान नैला में मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने ट्रैफिक रूट चार्ट और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की है। नवरात्रि पर्व 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रहा है। नैला अग्रसेन भवन के सामने स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा और पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

पुलिस के अनुसार, नवरात्रि के दौरान नैला दुर्गा पंडाल मार्ग पर चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। बीटीआई चौक से नेताजी चौक की ओर जाने वाले लिंक रोड पर चारपहिया वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। वहीं, नेताजी चौक से अग्रवाल प्रिंटर्स तक नैला की ओर जाने वाले मार्ग पर भी चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा नवरात्रि पर्व तक नैला-जांजगीर टाउन क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

अलग-अलग मार्गों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग व्यवस्था

नैला फाटक, बलौदा और सरखो की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन नैला दशहरा मैदान, नैला बस स्टैंड, पीएनबी बैंक के बगल, गोशाला स्कूल, अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने तथा नहरिया बाबा रोड के पास निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े कर सकेंगे।

बनारी और अकलतरा की ओर से आने वाले दर्शनार्थियों के लिए शारदा चौक के पास सरस्वती शिशु मंदिर नैला, जय भारत स्कूल, हॉलैंड ट्रैक्टर के पीछे, बजरंगी पारा गली तथा एचपी गैस/ओल्ड आर्या मोबाइल के पास पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

केरा रोड, खोखरा और सुकली की ओर से आने वाले श्रद्धालु तहसील चौक स्थित सी-मार्ट परिसर, गणेश समिति ग्राउंड और तहसील कार्यालय परिसर में अपने वाहन पार्क कर सकेंगे।

चांपा की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हाई स्कूल मैदान जांजगीर, डाइट स्कूल, हैंडबॉल ग्राउंड, पुराना अस्पताल जांजगीर, डीईओ कार्यालय, तुलसी भवन के सामने कृष्णा प्लाजा तथा नहर पार से नहरिया बाबा रोड के नीचे नैला की ओर जाने वाले मार्ग पर पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

नैला रेलवे स्टेशन जाने और लौटने के लिए वन-वे व्यवस्था

यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए नैला रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए शारदा चौक से नेभनदास गली होते हुए स्टेशन जाने वाला मार्ग वन-वे रहेगा। वहीं, नैला स्टेशन से जांजगीर आने वाले वाहन अग्रवाल प्रिंटर्स के सामने से नहरिया बाबा रोड होते हुए आवागमन करेंगे। पुलिस ने दोनों मार्गों पर निर्धारित वन-वे व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।

बीटीआई चौक से नेताजी चौक तक चारपहिया वाहनों पर प्रतिबंध

बीटीआई चौक से नेताजी चौक की ओर जाने वाले लिंक रोड पर चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर नेताजी चौक से बीटीआई चौक की ओर वाहन आ सकेंगे। इसी तरह नेताजी चौक से नैला की ओर अग्रवाल प्रिंटर्स तक चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा।

जांजगीर-चांपा पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील

जांजगीर-चांपा पुलिस ने नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से जारी रूट डायवर्जन, वन-वे व्यवस्था और वाहन प्रतिबंधों का पालन करने का आग्रह किया है, ताकि नवरात्रि के दौरान किसी प्रकार की यातायात संबंधी परेशानी न हो और श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से मां दुर्गा के दर्शन कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT