केशकाल में टाटामारी की प्राकृतिक खूबसूरती पूरे शबाब पर
कोंडागांव, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले के केशकाल में स्थित टाटामारी मानसून की पहली फुहारों के साथ ही प्राकृतिक खूबसूरती और भी निखर उठी है। हरे-भरे पहाड़, ठंडी हवाएं और बादलों से ढकी वादियां इस स्थल को किसी जन्नत से कम नहीं बना रही हैं। इसी कारण इन दिनों यहां पर्यटकों की भीड़ देखने को मिल रही है।
मानसून के मौसम में टाटामारी में प्रकृति अपने पूरे शबाब पर होती है। दूर तक फैली हरियाली, पहाड़ियों से दिखाई देने वाला विहंगम दृश्य और शांत वातावरण सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर रहा है। यहां पहुंचने वाले लोग न सिर्फ प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले रहे हैं, बल्कि यादगार पल कैमरे में भी कैद कर रहे हैं। सुबह और शाम का मनमोहक दृश्य इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता का अपना ही अलग आकर्षण है और केशकाल का टाटामारी क्षेत्र पर्यटकों को एक विशेष सुकून का अनुभव कराता है। यहां आने वाला हर पर्यटक प्रकृति के बेहद करीब महसूस करता है। टाटामारी अब पर्यावरण प्रेमियों, फोटोग्राफी के शौकीनों और प्रकृति के बीच शांत समय बिताने वालों के लिए एक पसंदीदा पर्यटन स्थल बनता जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

