home page

राष्ट्रीय एकता दिवस पर नर्सिंग विद्यार्थियों ने ली एकता और अखंडता की शपथ

 | 
राष्ट्रीय एकता दिवस पर नर्सिंग विद्यार्थियों ने ली एकता और अखंडता की शपथ


धमतरी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लिमतरा स्थित रिलायंस इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, अखंडता, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा।

समारोह की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उनके व्यक्तित्व और देश की एकता को मजबूत करने में दिए गए योगदान को याद किया। इसके पश्चात संस्था के सभी नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहेंगे तथा अपने आचरण और कार्यों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करेंगे।

उन्होंने देशवासियों के बीच आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता का संदेश प्रसारित करने का भी संकल्प लिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दूरदर्शिता, दृढ़ इच्छाशक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्रीय एकता की मजबूत नींव रखी थी। उनका जीवन देशसेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है। समारोह में संस्था के प्राचार्य संजय कुमार लाल, अनामिका कोलवीन, टोपेश्वर कंवर, देवेश साहू, कुलेश्वर सिन्हा, अनामिका साहू सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा