मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस, महापौर रामू रोहरा ने किया खिलाड़ियों का सम्मान
धमतरी, 29 अगस्त (हि.स.)। हॉकी के महान खिलाड़ी एवं भारतीय खेल इतिहास में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाले मेजर ध्यानचंद की जयंती पर शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, धमतरी द्वारा बाबू पंढरी राव कृदत्त इंडोर स्टेडियम, आमातालाब में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर जगदीश रामू रोहरा रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आयोजन में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेलप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान जिले और प्रदेश का नाम विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में रोशन करने वाले राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान किया गया।
महापौर रामू रोहरा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद का जीवन और खेल के प्रति उनका समर्पण आज भी देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। धमतरी जिले के युवा आज विभिन्न खेल विधाओं में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, उचित प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। युवाओं को पढ़ाई के साथ खेलों से भी जुड़ना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन से खिलाड़ियों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार हुआ। उपस्थित अतिथियों एवं खेलप्रेमियों ने मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पिछड़ा आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, पार्षद चंद्रभागा साहू, कुलेश सोनी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

