नेशनल लोक अदालत 12 सितंबर काे,अधिवक्ताओं के साथ हुई बैठक
जगदलपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छग. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार बीमा कंपनी के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक गोंविद नारायण जांगड़े प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बस्तर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जगदलपुर के मार्गदर्शन एवं कु. अंकिता कश्यप व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जगदलपुर द्वारा आज बुधवार काे जिला न्यायालय परिसर के मध्यस्थता कक्ष में हुई। जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों तथा अन्य अधिवक्ता बैठक में उपस्थित रहे।
आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में समस्त न्यायालयों में लंबित आपराधिक, व्यवहार वाद, मोटर दुर्घटनादावा, चेक बाउंस, बीमा, एवं धारा 138 नि.ई. एक्ट से संबंधित प्रकरणों को अधिक से अधिक संख्या में निराकरण किये जाने हेतु प्रकरणों को लेकर चर्चा की गई। संबंधित पक्षकारों के मध्य आपसी राजीनामा के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण किये जाने हेतु प्री-सिटिंग किये जाने एवं नेशनल लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को लोक अदालत की महत्ता बताते हुए उन्हें अपने प्रकरणों को राजीनामा के माध्यम से निराकृत किए जाने हेतु प्रोत्साहित करने का आग्रह किया गया ।आयोजित नेशनल लोक अदालत में अपना सहयोग एवं सहभागिता देते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों को निराकृत कराने हेतु प्रेरित किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

