एमसीबी : नाै मई को राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलझेंगे वर्षों पुराने विवाद, पूरे जिले में तैयारी पूरी
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 08 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के नागरिकों के लिए बरसों पुराने विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने का सुनहरा अवसर आने वाला है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के तहत आगामी 09 मई को सुबह 10:00 बजे से जिले भर में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन किया जाएगा। न्याय की यह विशेष चौपाल प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय बैकुंठपुर (कोरिया) सहित मनेंद्रगढ़, चिरमिरी, जनकपुर के सिविल न्यायालयों और एमसीबी जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में एक साथ लगेगी। इस वृहद आयोजन को सफल बनाने के लिए प्रशासनिक और न्यायिक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य सौहार्दपूर्ण वातावरण में लंबित मामलों का त्वरित निपटारा करना है। इस बार लोक अदालत में केवल न्यायालयीन मामले ही नहीं, बल्कि उन विवादों को भी सुलझाया जाएगा जो अभी तक कोर्ट नहीं पहुंचे हैं (प्री-लिटिगेशन मामले)। इनमें मुख्य रूप से आपराधिक राजीनामा योग्य प्रकरण, दीवानी विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, बैंक लोन वसूली, बिजली विभाग के बकाया मामले, पारिवारिक विवाद और निष्पादन प्रकरणों की सुनवाई की जाएगी। लोक अदालत के माध्यम से न केवल समय और धन की बचत होती है, बल्कि कानूनी उलझनों से मुक्ति मिलने के साथ-साथ पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों की कड़वाहट भी दूर होती है।
इस आयोजन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए पिछले दो महीनों से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा सघन अभियान चलाया जा रहा है। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व प्राधिकरण के अध्यक्ष योगेश पारीक ने इस संबंध में सभी न्यायाधीशों, अधिवक्ता संघ और पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठकें की हैं। बैठक के दौरान बैकुंठपुर और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर के जिला कलेक्टर्स व पुलिस अधीक्षकों को अधिक से अधिक राजीनामा योग्य प्रकरणों को चिन्हित करने और उनके निराकरण में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण ने सभी पक्षकारों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने पुराने विवादों का सरल और अंतिम समाधान प्राप्त करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

