home page

10 अगस्त को धमतरी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, चल रही तैयारी

 | 
10 अगस्त को धमतरी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, चल रही तैयारी


10 अगस्त को धमतरी में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, चल रही तैयारी


एक से 19 वर्ष तक के बच्चों को निश्शुल्क खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल की गोलीधमतरी, 07 अगस्त (हि.स.)। जिले में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा इस अवसर पर जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा स्वास्थ्य संस्थानों में एक से 19 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की गोली निश्शुल्क खिलाई जाएगी। अभियान का उद्देश्य बच्चों को आंतों के कृमि संक्रमण से बचाकर उनके स्वास्थ्य, पोषण स्तर तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाना है।जानकारी के अनुसार अभियान के संचालन के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुजरा में सात अगस्त को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों, मितानिनों तथा स्वास्थ्य कर्मियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसी प्रकार जिले के चारों विकासखंडों और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान एल्बेंडाजोल की सही मात्रा, दवा खिलाने की विधि, आवश्यक सावधानियां, प्रतिकूल घटनाओं के प्रबंधन तथा कार्यक्रम की रिपोर्टिंग संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि कृमि संक्रमण के कारण बच्चों में एनीमिया, कुपोषण, कमजोरी, पेट दर्द, भूख कम लगना, पढ़ाई में ध्यान न लगना तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास प्रभावित हो सकता है। वर्ष में दो बार एल्बेंडाजोल की गोली खिलाने से इन समस्याओं की प्रभावी रोकथाम संभव है। अभियान के तहत एक से दो वर्ष तक के बच्चों को 200 मिलीग्राम अर्थात 400 मिलीग्राम की आधी गोली चूरा करके दी जाएगी, जबकि दो वर्ष से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को 400 मिलीग्राम की एक पूरी गोली चबाकर खिलाई जाएगी। दवा केवल प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में दी जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बच्चे ने पहले कुछ न कुछ भोजन किया हो। छोटे बच्चों को गोली चूरा कर स्वच्छ पानी के साथ दी जाएगी ताकि उन्हें निगलने में कठिनाई न हो। जो बच्चे 10 अगस्त को विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र में अनुपस्थित रहेंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस पर एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी ताकि कोई भी पात्र बच्चा अभियान से वंचित न रहे। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के दौरान एल्बेंडाजोल की गोली अवश्य खिलवाएं और कृमि संक्रमण मुक्त, स्वस्थ एवं सशक्त भविष्य के निर्माण में सहभागी बनें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा