home page

नारायणपुर एसपी ने कंट्रोल रूम, डायल-112 का निरीक्षण कर इमरजेंसी रिस्पॉन्स की परखी तत्परता

 | 
नारायणपुर एसपी ने कंट्रोल रूम, डायल-112 का निरीक्षण कर इमरजेंसी रिस्पॉन्स की परखी तत्परता


नारायणपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने आज शनिवार काे जिले की आपातकालीन पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाने के उद्देश्य से जिला कंट्रोल रूम, वायरलेस सेंटर एवं डायल-112 कंट्रोल सेंटर का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संपूर्ण व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया तथा सभी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने एवं उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के संबंध में भी निर्देशित किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में संधारित मिनट बुक, लॉग बुक एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए सभी अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात वायरलेस सेंटर का निरीक्षण कर वीएचएफ नेटवर्क की कार्यप्रणाली की समीक्षा की तथा संपूर्ण जिले में संचार व्यवस्था को निर्बाध एवं सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की वास्तविक प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने थाना नारायणपुर को आकस्मिक रूप से एमसीपी (मोबाइल चेकिंग प्वाइंट) मॉक ड्रिल हेतु आदेशित किया। सूचना प्राप्त होते ही थाना नारायणपुर का पुलिस बल निर्धारित समय के भीतर आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंचा।

पुलिस अधीक्षक ने रिस्पॉन्स टाइम, बल की तैनाती, समन्वय एवं कार्यप्रणाली का परीक्षण किया तथा समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने डायल-112 कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली का भी परीक्षण किया।परीक्षण के तहत डायल-112 पर एक कॉल जनरेट कर रिस्पॉन्स समय का मूल्यांकन किया गया। सूचना प्राप्त होते ही डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई तथा निर्धारित समय में मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता की सराहना करते हुए भविष्य में भी प्रत्येक आपात सूचना पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने कहा कि कंट्रोल रूम, वायरलेस नेटवर्क एवं डायल-112 पुलिस व्यवस्था की रीढ़ हैं। इनकी सतत निगरानी, आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग एवं समयबद्ध रिस्पॉन्स के माध्यम से ही आम नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हर समय सतर्क रहकर आमजन को बेहतर पुलिस सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे