home page

नारायणपुर-ओरछा मार्ग बंद, अबूझमाड़ का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा

 | 
नारायणपुर-ओरछा मार्ग बंद, अबूझमाड़ का जिला मुख्यालय से संपर्क कटा


नारायणपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले में पिछले दो दिनों से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते जिले के सभी छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर हैं। लगातार जारी तेज बारिश के कारण नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर स्थित बड़गांव माड़ीन नदी का पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर से लगभग पांच फीट तेज धार में पानी बह रहा है और जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी जारी है।

पुल के डूबने से नारायणपुर-ओरछा मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इस मार्ग के बंद होने से अबूझमाड़ और छोटेडोंगर क्षेत्र के दर्जनों गांवों का सीधा संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया है। मार्ग के दोनों तरफ यात्री बसों, निजी वाहनों और मालवाहक गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। तेज हवा और बारिश के कारण अबूझमाड़ और छोटेडोंगर इलाके में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इसके अलावा मोबाइल टावरों का बैकअप खत्म होने से नेटवर्क गायब हो चुका है, जिससे लोग संपर्क विहीन हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए बड़गांव माढ़ीन नदी पर ऊंचे पुल का निर्माण किया जाए। प्रशासन ने नागरिकों को उफनते नदी-नालों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे