एमसीबी : नल से जल योजना ने बदली जिंदगी, बब्बी बाई के घर आया खुशहाली का नया दौर
मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 25 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के भरतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहनटोला की बब्बी बाई आज ग्रामीण बदलाव की मिसाल बन चुकी हैं। कभी पानी के लिए रोज लंबी दूरी तय करने वाली बब्बी बाई की जिंदगी अब पूरी तरह बदल गई है और उनके घर में सुकून व सुविधा का नया सवेरा आ चुका है।
पहले उनका दिन कुएं और हैंडपंप से पानी लाने की जद्दोजहद में बीतता था। सुबह से ही पानी की चिंता शुरू हो जाती थी, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी बल्कि शारीरिक थकान भी बढ़ती थी। स्वच्छ पानी की कमी के चलते परिवार को स्वास्थ्य समस्याओं का भी सामना करना पड़ता था, लेकिन अब हालात पूरी तरह बदल चुके हैं।
“हर घर नल से जल” योजना के तहत घर के आंगन में लगे नल से साफ और सुरक्षित पेयजल मिलने लगा है। इससे बब्बी बाई का समय बच रहा है और जीवन पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है। अब वे परिवार की देखभाल और अन्य कामों में ज्यादा समय दे पा रही हैं, जिससे घर में खुशहाली का माहौल है।
बब्बी बाई कहती हैं कि अब पानी के लिए भटकना नहीं पड़ता, घर में ही शुद्ध पानी मिल रहा है। उनके चेहरे पर संतोष और आंखों में खुशी साफ झलकती है। वे इस सुविधा के लिए सरकार के प्रति आभार जताते हुए इसे ग्रामीण जीवन के लिए एक बड़ी सौगात मानती हैं।
बब्बी बाई की यह कहानी सिर्फ एक परिवार की नहीं, बल्कि उस बदलते ग्रामीण भारत की तस्वीर है, जहां योजनाएं जमीनी स्तर पर पहुंचकर लोगों के जीवन को सरल, सुरक्षित और सम्मानजनक बना रही हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

