नगर निगम ने अभियान चलाकर पकड़े 45 बेसहारा मवेशी
यातायात बाधा और दुर्घटनाओं पर रोक के लिए लगातार कार्रवाई, अर्जुनी गौठान में रखी गई व्यवस्था
धमतरी, 07 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी शहर की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा मवेशियों से आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए नगर निगम ने धरपकड़ अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार काे निगम की टीम ने अंबेडकर चौक से अर्जुनी चौक तक और अंबेडकर चौक से रुद्री रोड मार्ग पर विशेष अभियान चलाते हुए कुल 45 मवेशियों को पकड़ा।
पकड़े गए सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से अर्जुनी गौठान में रखा गया है, जहां उनकी देखभाल की जा रही है। निगम का कहना है कि सड़कों पर मवेशियों के विचरण से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसे देखते हुए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर के नागरिकों ने भी इस अभियान का समर्थन करते हुए इसे नियमित रूप से चलाने की मांग की है। नागरिक भानु प्रताप साहू, गिरवर देवांगन और लीलाराम देवगन ने बताया कि मकई चौक, रत्नाबांधा चौक, सोरिद चौक, अंबेडकर चौक और कृषि उपज मंडी क्षेत्र सहित कई जगहों पर मवेशियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
इस अभियान को सफल बनाने में निगम के श्यामू सोना, बंसी दीप, गोविंद पात्रे, कुश नायक, मुकेश साहू, अतीश मिश्रा, अश्वनी राजपूत, गोलू पटेल, धनेश सिन्हा, गिरवर सिन्हा और अमित सोना सहित अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका रही।
जारी रहेगी कार्रवाई
निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने मवेशी मालिकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुला न छोड़ें और उचित व्यवस्था करें। अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

