अम्बिकापुर : खेत में मामूली विवाद पर गैंती से वार कर हत्या, पुलिस ने आरोपित को दबोचा
अम्बिकापुर, 04 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले के लुंड्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत राईखुर्द गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां आपसी कहासुनी इस कदर बढ़ी कि एक अधेड़ ने युवक पर गैंती से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली। लुंड्रा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार (गैंती) को भी जब्त कर लिया है और आरोपित को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
यह पूरी घटना दो दिन पहले की है, जब राईखुर्द निवासी जीतू नागेश रोज की तरह सुबह करीब आठ बजे अपने खेत में हल जोतने गया था। इसी दौरान गांव के ही झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह (60 वर्ष) के साथ उसका किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्साए बुधराम ने पास ही रखी गैंती से जीतू पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने के कारण जीतू खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा। जब घटना की खबर जीतू के भाई तिलसाय को मिली, तो गांव में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल जीतू को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अम्बिकापुर ले गए, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
अस्पताल की मर्चुरी से मिली सूचना के बाद पुलिस हरकत में आई और शव का पंचनामा कराकर पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक के भाई तिलसाय की शिकायत पर लुंड्रा पुलिस ने आरोपित झकड़ी उर्फ बुधराम बरगाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने फौरन घटना स्थल का मुआयना किया और चश्मदीदों के बयान दर्ज किए। साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपित ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे शनिवार को अदालत में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस पूरी त्वरित कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक नारायण सिंह, आरक्षक इबनुल खान, राजकुमार यादव और दिलीप मिंज की भूमिका सराहनीय रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

