24 अगस्त से नगर निगम चलाएगा राजस्व वसूली का विशेष अभियान
कोरबा, 19 अगस्त (हि. स.)। नगर निगम कोरबा द्वारा बकाया करों एवं शुल्क की वसूली के लिए 24 अगस्त से 22 सितंबर तक विशेष राजस्व वसूली अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत निगम के विभिन्न वार्डों में निर्धारित स्थानों पर वसूली शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों का आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जाएगा।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने अभियान के सफल संचालन के लिए जोन कमिश्नरों, उप जोन प्रभारियों, राजस्व निरीक्षकों, उप निरीक्षकों एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। शिविरों में करदाताओं और बकायादारों से संपत्ति कर सहित अन्य बकाया कर एवं शुल्क की राशि जमा कराई जाएगी।
इसके साथ ही निगम अमले द्वारा जोन क्षेत्रों में नवनिर्मित अथवा करारोपण से छूटे भवनों का सर्वेक्षण और स्थल निरीक्षण किया जाएगा। अतिरिक्त निर्माण, भवन की उपयोगिता में परिवर्तन सहित अन्य मामलों की जांच कर नियमानुसार करारोपण की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान की शुरुआत 24 अगस्त को वार्ड क्रमांक 1, 3, 19, 26, 38, 48 और 61 में शिविरों से होगी। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अलग-अलग तिथियों में निगम के वार्डों में शिविर लगाए जाएंगे। अभियान के अंतिम चरण में 21 सितंबर को वार्ड क्रमांक 14, 37 और 60 तथा 22 सितंबर को वार्ड क्रमांक 14, 37 और 67 में शिविर आयोजित होंगे।
नगर निगम ने करदाताओं और बकायादारों से अपील की है कि, वे निर्धारित तिथि पर अपने नजदीकी शिविर में पहुंचकर बकाया कर एवं शुल्क की राशि जमा करें। इससे राजस्व वसूली के साथ ही नागरिकों को निगम कार्यालय जाने के बजाय अपने वार्ड में ही कर जमा करने की सुविधा मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

