home page

खुले में दौड़ रही नगर निगम की कचरा गाड़ियां, सड़क पर फैल रही गंदगी और बदबू

 | 
खुले में दौड़ रही नगर निगम की कचरा गाड़ियां, सड़क पर फैल रही गंदगी और बदबू


धमतरी, 22 मई (हि.स.)। शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर निगम द्वारा कचरा परिवहन में बरती जा रही लापरवाही के कारण मुख्य मार्गों और मोहल्लों में गंदगी फैल रही है। निगम की कचरा गाड़ियां खुले में सूखा और गीला कचरा भरकर शहर की सड़कों पर दौड़ रही हैं, जिससे चलते वाहनों से जगह-जगह कचरा गिर रहा है और तेज दुर्गंध फैल रही है। राहगीरों को नाक बंद कर गुजरना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार नगर निगम द्वारा 40 वार्डों को नौ जोन में बांटकर सफाई व्यवस्था संचालित की जा रही है। इसके बावजूद घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था अब तक पूरी तरह पटरी पर नहीं आ सकी है। कई वार्डों में नियमित रूप से कचरा उठाव नहीं हो पा रहा है। वहीं, प्रतिबंध के बावजूद खुले वाहनों से कचरे का परिवहन किया जा रहा है। शहर से निकलने वाले कचरे को ट्रैक्टर, मैजिक और टिप्पर वाहनों के माध्यम से डंपिंग यार्ड तक पहुंचाया जाता है। लेकिन कई वाहनों में कचरे को बिना ढंके ही ले जाया जा रहा है। ये वाहन मुख्य बाजार सहित कई रिहायशी इलाकों से होकर गुजरते हैं, जिससे सड़क पर कचरा गिरने के साथ ही दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है।

आमातालाब के रहवासी एसकेशर्मा, सोहन साहू, बोधन साहू सहित अन्य लोगों का कहना है कि कई बार कचरा वाहन के पीछे या बगल से गुजर रहे राहगीरों पर भी कचरा गिर जाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने नगर निगम से कचरा परिवहन व्यवस्था को व्यवस्थित करने और सभी वाहनों को अनिवार्य रूप से ढंककर चलाने की मांग की है।इस संबंध में नगर निगम धमतरी आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि कचरा गाड़ियों को कवर कर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कहीं खुले वाहन से कचरा परिवहन किया जा रहा है तो यह गलत है। व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

खुले वाहनों में कचरा ढुलाई पर प्रतिबंध है। बावजूद यहां खुले वाहनों में कचरा ढोया जा रहा है. नियमानुसार वाहनों में कचरा भरने के बाद उसे तिरपाल या नेट कसकर ढकना है। कचरा परिवहन में सूखा और गीला कचरा अलग रखना है। वाहन की क्षमता से अधिक कचरा नहीं भरना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा