home page

धमतरी : 30 मार्च को प्रस्तुत होगा नगर निगम का दूसरा बजट, विकास और जनसुविधाओं पर रहेगी नजर

 | 
धमतरी : 30 मार्च को प्रस्तुत होगा नगर निगम का दूसरा बजट, विकास और जनसुविधाओं पर रहेगी नजर


धमतरी, 29 मार्च (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी में सोमवार 30 मार्च को महापौर रामू रोहरा अपने कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगे। शहरवासियों को इस बजट से खास उम्मीदें हैं कि यह केवल आंकड़ों तक सीमित न रहकर जमीनी स्तर पर विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देगा।

पिछले वर्ष 2025-26 के बजट में 52 लाख 30 हजार रुपये के लाभ के साथ 563 करोड़ 74 लाख 22 हजार रुपये की आय और 563 करोड़ 21 लाख 93 हजार रुपये के व्यय का प्रावधान किया गया था। जानकारी के अनुसार उस बजट में हाईटेक बस स्टैंड, सिहावा चौक से नहर चौक तक बीटी सड़क, रत्नाबांधा से कॉलेज मोड़ मार्ग, अंबेडकर वार्ड से गंगरेल तक सड़क निर्माण, तालाबों का सौंदर्याकरण, ट्रांसपोर्ट नगर, पिंक टॉयलेट, ऑक्सीजन जोन, पार्किंग, ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन, गोलबाजार कॉम्प्लेक्स जैसे कई महत्वाकांक्षी कार्य शामिल किए गए थे। हालांकि इनमें से कई योजनाएं अब तक अधूरी हैं या स्वीकृति के इंतजार में हैं। कुछ कार्यों जैसे सड़कों का निर्माण, तालाबों का जीर्णोद्धार, हाईटेक बस स्टैंड और नालंदा परिसर को ही आंशिक मंजूरी मिल सकी है। गोकुल नगर, ड्रेनेज सिस्टम और गोलबाजार जैसे मुद्दे वर्षों से बजट में शामिल होने के बावजूद अब तक मूर्त रूप नहीं ले पाए हैं।

इधर विपक्ष ने निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर और उपनेता प्रतिपक्ष विसु देवांगन ने आरोप लगाया कि निगम में जीरो टालरेंस नीति खत्म हो चुकी है और बिना कमीशन के कोई काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि सामान्य सभा में कांग्रेस पार्षदों द्वारा 16 अहम प्रश्न लगाए गए हैं, जिनमें रोजगार, प्लेसमेंट, पट्टा विहीन परिवारों को आवास, टेंडर प्रक्रिया और विकास कार्यों की प्रगति जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे। सामान्य सभा में इस बार कुल 56 प्रश्न लगाए गए हैं। यदि बैठक शांतिपूर्ण रही तो 4-5 पार्षदों के प्रश्नों पर चर्चा संभव है, अन्यथा हंगामे की स्थिति में सीमित विषयों तक ही बैठक सिमट सकती है। वर्तमान में निगम में भाजपा के 27, कांग्रेस के आठ और पांच निर्दलीय पार्षद हैं, जिससे सत्ता पक्ष का पलड़ा भारी है। महापौर रामू रोहरा ने दावा किया है कि वर्ष 2026-27 का बजट जनहित और विकासोन्मुख होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम जनता पर किसी नए टैक्स का बोझ नहीं डाला जाएगा और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू किया जाएगा और शहर को सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा