home page

हंगामे के बीच नगर निगम धमतरी का बजट पारित, 59.71 लाख अधिशेष का दावा

 | 
हंगामे के बीच नगर निगम धमतरी का बजट पारित, 59.71 लाख अधिशेष का दावा


हंगामे के बीच नगर निगम धमतरी का बजट पारित, 59.71 लाख अधिशेष का दावा


हंगामे के बीच नगर निगम धमतरी का बजट पारित, 59.71 लाख अधिशेष का दावा


धमतरी, 30 मार्च (हि.स.)। नगर निगम धमतरी की सामान्य सभा की बैठक सोमवार को हंगामेदार माहौल में संपन्न हुई। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के बीच विभिन्न एजेंडों पर चर्चा हुई और कई प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए गए। बैठक के केंद्र में शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं की बेहतरी रही, हालांकि चर्चा से ज्यादा समय हंगामे में बीता।

बैठक की शुरुआत तय समय से पहले ही हो गई, जब महापौर रामू रोहरा सहित पक्ष-विपक्ष के पार्षद सदन में पहुंच गए। शुरुआत में ही भाजपा के कमल चिन्ह वाले गमछे को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि यह निगम की संवैधानिक बैठक है, न कि किसी राजनीतिक दल की। इस मुद्दे पर दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई और कुछ देर तक विवाद की स्थिति बनी रही। सभापति के हस्तक्षेप के बाद महापौर ने गमछा उतारा। माहौल शांत होने पर राष्ट्रगान और राजकीय गीत के साथ बैठक की औपचारिक शुरुआत हुई।

इसके बाद सभापति कौशिल्या देवांगन ने प्रश्नोत्तर सत्र प्रारंभ कराया। कांग्रेस पार्षद रामेश्वरी कोसरे ने प्लेसमेंट कर्मचारियों की भर्ती और छंटनी को लेकर सवाल उठाया। जवाब में एमआईसी सदस्य हिमानी साहू ने बताया कि एक मार्च 2025 से एक मार्च 2026 के बीच 27 कर्मचारियों को वार्डवासियों की शिकायत के आधार पर हटाया गया, जबकि वर्तमान में 254 कर्मचारी विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं। भाजपा पार्षद हेमंत बंजारे ने जल व्यवस्था पर सवाल किया, जिस पर संबंधित विभाग ने शहर में उपलब्ध जल सुविधाओं और निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की जानकारी दी। बताया गया कि निगम के पास 6 पानी टैंकर और 2 ट्रैक्टर उपलब्ध हैं, जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों से सहयोग लिया जाता है। अन्य पार्षदों द्वारा मुक्तिधाम स्वीकृति सहित विभिन्न विषयों पर सवाल उठाए गए। प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद सदन में कई प्रस्ताव बहुमत और ध्वनिमत से पारित किए गए।

59.71 लाख अधिशेष का बजट पेश

सत्र 2026-27 के लिए महापौर ने 62,013.23 लाख की कुल आय और 61,953.52 लाख के कुल व्यय का प्रावधान रखते हुए 59.71 लाख अधिशेष का बजट प्रस्तुत किया। विपक्ष के विरोध और नारेबाजी के बीच बजट पारित किया गया।

कम संख्या के बावजूद मुखर रहा विपक्ष

नगर निगम में भाजपा के 27, कांग्रेस के 8 और 5 निर्दलीय पार्षद हैं। संख्या बल कम होने के बावजूद कांग्रेस पार्षदों ने मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई। नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन सहित पार्षदों ने जनहित, विकास और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर जोरदार विरोध दर्ज कराया।

बजट में विकास कार्यों पर जोर

बजट में शहर के कई बड़े विकास कार्यों का उल्लेख किया गया। हाईटेक बस स्टैंड के निर्माण की निविदा प्रक्रिया पूरी होने की जानकारी दी गई। सिहावा चौक से कोलियारी नहर नाका पुल तक 59.06 करोड़, रत्नाबांधा रोड से कॉलेज मोड़ तक 42.41 करोड़ और एनएच-30 से हरफतराई रोड तक 2.76 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत बताए गए। इसके अलावा ऑडिटोरियम सह-व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स (6.93 करोड़), इंडोर स्टेडियम मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (4.69 करोड़) और कांटा तालाब में चौपाटी निर्माण (1.96 करोड़) जैसे कार्यों को भी बजट में शामिल किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा