कोरबा : निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने किया सफाई कार्यों का निरीक्षण
कोरबा, 13 मार्च (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा शहर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे स्वच्छता महाअभियान के दसवें दिन शुक्रवार को वार्ड क्रमांक 6 पुरानी बस्ती और वार्ड क्रमांक 15 परिवहन नगर में मेगा स्वच्छता ड्राइव चलाई गई। इस दौरान दोनों वार्डों में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान संचालित किया गया।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय स्वयं अभियान स्थल पर पहुंचे और गली-गली पैदल भ्रमण कर साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रानी रोड, के.एन. कॉलेज के पास ठाकुर घाट गली और विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र में विशेष सफाई व सौंदर्यीकरण कार्य कराया गया। उन्होंने अधिकारियों को बस्तियों की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित करने तथा सफाई के दौरान निकले कचरे का तुरंत उठाव और परिवहन करने के निर्देश दिए।
महापौर संजूदेवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में चल रहे इस महाअभियान के तहत वार्डों की बस्तियों, मोहल्लों, मुख्य व संपर्क सड़कों और नालियों की सफाई की गई। नालों पर लगे स्लैब हटाकर गहराई से सफाई, सड़क किनारे जमा धूल-मिट्टी और झाड़ियों की सफाई, कचरे का त्वरित उठाव तथा कीटनाशक दवाओं और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों को सी एंड डी वेस्ट, अतिक्रमण, अवैध कब्जा, दुकानों में डस्टबिन न रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

