बाल संप्रेक्षण गृह के पदस्थ सुरक्षा गार्ड की हत्या, चार नाबालिग फरार
बिलासपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बाल संप्रेक्षण गृह के पदस्थ सुरक्षा गार्ड की हत्या कर दी गई है। सोमवार सुबह शव मिलने से पूरे परिसर में हड़ंकप गया है। मृतक की पहचान तखतपुर के अरईबंद निवासी नरेंद्र कुमार खांडे के रूप में हुई है। प्रारंभिक तौर पर वारदात में चार नाबालिगों के शामिल होने का आरोप है, जो फरार हैं।
जानकारी के अनुसार, वारदात में शामिल चारों नाबालिगों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की, फिर हाथ-पैर बांधकर गला दबा दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। मृतक पिछले एक साल से चौकीदार के रूप में कार्यरत था।
घटना की सूचना के बाद सरकंडा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पंचानामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना कर दिया गया है। वहीं मृतक के परिजन खबर मिलने पर बाल संप्रेक्षण गृह पहुंचे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि नरेंद्र कुमार खांडे को सप्ताहिक छुट्टी नहीं दी जाती है। बाल संप्रेक्षण गृह प्रशासन ने मर्डर करवाया है।
बाल अपचारियों की तलाश में पुलिस ने अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर दिया है। फॉरेंसिक टीम सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से बरामद साक्ष्य की जांच कर रही है। अब तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

