home page

कमला नेहरू कॉलेज के एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों ने किया बालिका गृह का शैक्षणिक भ्रमण

 | 
कमला नेहरू कॉलेज के एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों ने किया बालिका गृह का शैक्षणिक भ्रमण


कोरबा, 16 अक्टूबर (हि. स.)। कमला नेहरू महाविद्यालय, कोरबा के समाज कार्य विभाग ( मास्टर ऑफ सोशल वर्क) के विद्यार्थियों ने अपने पाठ्यक्रम एवं शैक्षणिक शेड्यूल के अनुरूप बालिका गृह का आज एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण (फील्ड विजिट) का आयोजन किया।

इस भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ समाज कार्य के व्यावहारिक और धरातलीय पहलुओं से अवगत कराना था।

प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर के मार्गदर्शन में आयोजित शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सामाजिक उत्थान, पुनर्वास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रही प्रमुख संस्थाओं का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्था की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था, केस स्टडी तथा वहां दी जाने वाली सेवाओं का बारीकी से अध्ययन किया। साथ ही, उन्होंने विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं व प्रतिनिधियों से संवाद कर समाज सेवा में आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों एवं उनके समाधान की प्रक्रियाओं को समझा।

इस शैक्षणिक भ्रमण में समाज कार्य विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ विमला सिंह, अतिथि प्राध्यापक श्रीमती कविता पटेल एवं MSW प्रथम सेमेस्टर एवं तृतीय सेमेस्टर के छात्र-छात्राएँ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। भ्रमण के सफल समापन पर महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और सफल अध्ययन के लिए शुभकामनाएँ दीं।

प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम में शैक्षणिक भ्रमण और फील्ड विजिट का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। इससे विद्यार्थियों में न केवल सामाजिक संवेदना विकसित होती है, बल्कि उनमें समुदाय के साथ तालमेल बिठाने, परामर्श देने और जमीनी स्तर पर नीतियों के क्रियान्वयन को समझने का अनुभव भी प्राप्त होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी