home page

सांसद व विधायक ने किया अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण, महतारी सदन भवन का भूमिपूजन

 | 
सांसद व विधायक ने किया अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण, महतारी सदन भवन का भूमिपूजन


कोंडागांव, 21 अगस्त (हि.स.)। कोंडागांव जिले के दूरस्थ अंचल में बसे कोनगुड़ में अब अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिलने की राह आसान हुई है। साथ ही महिलाओं के लिए महतारी सदन जैसी सुविधा भी विकसित की जा रही है।

कांकेर लोकसभा क्षेत्र के कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम ने शुक्रवार को फरसगांव विकासखंड के ग्राम कोनगुड़ में कुल 35 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र भवन का लोकार्पण किया गया, वहीं 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले महतारी सदन भवन का भूमिपूजन किया गया।

कोनगुड़ की दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और लंबे समय तक माओवादी गतिविधियों की चुनौती से प्रभावित रहे इस क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देना आसान नहीं था। सड़क, संचार और शासकीय सेवाओं की पहुंच के साथ सुरक्षा भी एक बड़ी चुनौती रही। लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। सुरक्षा के साथ शासन और प्रशासन की पहुंच भी गांवों तक बढ़ रही है। विकास कार्यों के लिए रास्ते खुल रहे हैं और ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से जोडने की प्रक्रिया तेज हुई है। कोनगुड़ में अटल डिजिटल सेवा केंद्र का लोकार्पण इसी बदलते माहौल की एक महत्वपूर्ण तस्वीर है।

अब विकास का मतलब केवल सड़क और भवन तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकार की सेवाओं को ग्रामीणों के दरवाजे तक पहुंचाना भी है। 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल डिजिटल सेवा केंद्र ग्रामीणों के लिए खासा उपयोगी साबित होगा। दूरस्थ गांवों में रहने वाले लोगों को अक्सर छोटे-छोटे शासकीय कार्यों के लिए भी दूर स्थित कार्यालयों तक जाना पड़ता है। इसमें समय, श्रम और धन तीनों खर्च होते हैं।

डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से विभिन्न शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इससे ग्रामीणों के लिए सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और उन्हें अनावश्यक रूप से दूर जाने की आवश्यकता कम होगी। यह केंद्र डिजिटल सुविधा के साथ-साथ शासन और ग्रामीणों के बीच की दूरी कम करने का माध्यम बनेगा। डिजिटल युग में गांवों तक तकनीक की पहुंच बढना इस क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण बदलाव है। इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकू राम नेताम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे