कोरबा में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी भीषण आग, भाई-बहन ने कूदकर बचाई जान
कोरबा, 24 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चलती इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। भिलाईबाजार क्षेत्र में हुई इस घटना के दौरान स्कूटी पर सवार भाई-बहन ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, आज शनिवार को कटकीडबरी निवासी पीयूष कंवर अपनी बहन के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी से कुसमुंडा से घर लौट रहा था। इसी दौरान भिलाईबाजार तालाब के पास पहुंचते ही चलती स्कूटी से अचानक धुआं निकलने लगा। पहले दोनों को कुछ समझ नहीं आया, लेकिन देखते ही देखते धुआं बढ़ने लगा और स्कूटी में आग भड़क उठी।
अचानक आग लगने से भाई-बहन घबरा गए। उन्होंने तत्काल वाहन से उतरकर खुद को सुरक्षित किया। उनके हटते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि स्कूटी को बचाया नहीं जा सका। कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि भाई-बहन को कोई गंभीर चोट नहीं आई। समय रहते वाहन से उतर जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।
कोरबा जिले में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले कटघोरा कॉलेज के पास भी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक आग लग गई थी। उस घटना में भी स्कूटी पर सवार परिवार बाल-बाल बचा था।
जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों में आग लगने की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, भिलाईबाजार में स्कूटी में आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। आग तकनीकी खराबी, बैटरी या किसी अन्य कारण से लगी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

