home page

तालाब से चोरी हुए दो मोटर पंप बरामद, अपचारी बालक समेत दो पकड़ाए

 | 
तालाब से चोरी हुए दो मोटर पंप बरामद, अपचारी बालक समेत दो पकड़ाए


बलरामपुर, 22 सितंबर (हि.स.)। चलगली थाना पुलिस ने धान की फसल में पानी देने के लिए तालाब में लगाए गए दो मोटर पंप चोरी के मामले में अपचारी बालक समेत दो आरोपितों को आज मंगलवार को पकड़ा गया है। पुलिस ने चोरी किए गए दोनों मोटर पंप भी बरामद कर लिए हैं।

पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, ग्राम डोंगरो निवासी अर्जुन ने 21 सितंबर को मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने और उसके भाई चन्द्रशेखर सिंह ने धान की फसल में पानी देने के लिए तालाब में दो मोटर पंप लगाए थे। 17 सितंबर की सुबह दोनों पंप मौके से गायब मिले। आसपास तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चला। इसके बाद गांव के मोटर मिस्त्रियों को पंप चोरी होने की जानकारी देकर किसी व्यक्ति के बेचने के लिए आने पर सूचना देने को कहा गया था।

इसी दौरान चलगली के मोटर मिस्त्री दयाराम ने फोन कर बताया कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर दो मोटर पंप बेचने के लिए आए हैं। सूचना पर पीड़ित मौके पर पहुंचा और ग्राम बड़कागांव निवासी सुनील नायक के पास रखे पंपों को पहचान लिया। पूछताछ और विवेचना के दौरान पुलिस को दोनों के खिलाफ अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिले।

पुलिस ने अपचारी बालक और सुनील नायक को आज विधिवत पकड़ कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया है। मामले में थाना चलगली में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 303(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज किया गया है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार चन्दन सिंह, सउनि सुखेन सिंह, प्रधान आरक्षक देवकुमार कुजूर, आरक्षक देवसाय राजवाड़े और चालक आरक्षक राधे सिंह का योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय