home page

धमतरी : बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, लोग परेशान, वार्डों में दवा छिड़काव की मांग

 | 
धमतरी : बढ़ा मच्छरों का प्रकोप, लोग परेशान, वार्डों में दवा छिड़काव की मांग


धमतरी, 31 मार्च (हि.स.)। शहर के लगभग सभी वार्डों में इन दिनों मच्छरों की तादाद बढ़ गई है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए शहर के नागरिकों ने एक बार फिर से फागिंग मशीन से दवा का छिड़काव करने की मांग की है ताकि लोगों को मच्छरों से राहत मिल सके। नगर निगम के 40 वार्डों में एक सा हाल है।

हटकेशर वार्ड, सुंदरगंज वार्ड, नवागांव वार्ड, मकेश्वर वार्ड, श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड, ब्राह्मण पारा वार्ड, गोकुलपुर वार्ड, पोस्ट ऑफिस वार्ड, सोरिद वार्ड, रिसाईपारा पश्चिम वार्ड, रामसागर पारा वार्ड सहित अधिकांश वार्ड की नालियां गंदगी से भरी हुई है। लालबगीचा वार्ड के सोनाराम साहू ने कहा कि लगातार दवा छिड़काव हो। नाली की सफाई नहीं हो से मच्छर पनपने लगते हैं। अत्यधिक मच्छर पनपने से मलेरिया, डेंगू और अन्य मच्छर जनित बीमारियों का अंदेशा रहता है। लगभग वार्ड के हर गली-मोहल्ले में मच्छर पनप रहे हैं।

सोरिद वार्ड के संतू साहू, सुनील कुमार, प्रेम कुमार यादव का कहना है कि मच्छरों से होने वाली बीमारियों से रोक के लिए दवा का छिड़काव हो। आमापारा वार्डवासी पंकज साहू, सोमेंद्र, सुरेश कुमार, अजय निषाद का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण मच्छरों की संख्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। निकासी नालियों की नियमित सफाई की जानी चाहिए, ताकि दूषित पानी नाली में जमा न हो सके। जयंत साहू का कहना है कि कुछ लापरवाह लोग घर का कूड़ा करकट सीधे नाली में डाल देते हैं जिसके कारण नालियां जाम हो जाती है। नालियों के जाम होने के कारण ही गंदगी पर पसरती है। शहर के लगभग सभी वार्ड में एक सा हाल है, इस पर रोक लगनी चाहिए। मालूम हो कि शहर की कई निकासी नालियां बारहों महीने जाम रहती है। इनके व्यवस्थित निकासी को लेकर खास प्रयास नहीं किया जाता है। ऊपरी तौर पर कचरा निकाल कर काम निबटा लिया जाता है, यही वजह है कि नगर निगम द्वारा बार-बार अभियान चलाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी रहती है। नाली बारहों महीने क्यों जाम रहती है, इसका पता लगाए बिना ऊपरी तौर पर साफ-सफाई से राहत नहीं मिलने वाली। इस दिशा में निगम के इंजीनियरों को विशेष प्रयास करने की आवश्यकता है, ताकि नालियां लंबे समय तक जाम न रहे, साथ ही गंदे पानी की निकासी बेहतर ढंग से हो सके। शहर के पीडी नाला के अलावा पुराना बाजार बैला बाजार, ब्रह्म चौक के पास निकासी नाले का हाल किसी से छुपा नहीं है। यहां सड़क के ऊपर से गंदा पानी बहता रहता है। इसी तरह का हाल अन्य स्थानों का भी है।

शहर के नागरिक धनराज गुप्ता, राजकुमार साहू, जयंत देवांगन का कहना है कि, मच्छरों की रोकथाम के लिए नगर निगम को सभी वार्डों में समान रूप से फागिंग मशीन से दवा का छिड़काव करना चाहिए इससे मच्छरों पर रोक लगेगी।

नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि, शहरवासियों को राहत देने के लिए बहुत जल्द शहर के सभी 40 वार्डों में फागिंग मशीन से दवा का छिड़काव कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा