home page

एमसीबी : खाद-बीज की समय पर उपलब्धता से खिला किसान मोहरसाय का चेहरा, सरकारी योजनाओं से खेती हुई आसान

 | 
एमसीबी : खाद-बीज की समय पर उपलब्धता से खिला किसान मोहरसाय का चेहरा, सरकारी योजनाओं से खेती हुई आसान


मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 02 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के अंतर्गत मनेंद्रगढ़ विकासखंड के ग्राम महाराजपुर में रहने वाले छोटे और सीमांत किसान मोहरसाय के लिए इस वर्ष का खरीफ सीजन नई उम्मीदें लेकर आया है। महज 0.90 एकड़ कृषि भूमि पर खेती करने वाले मोहरसाय को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति बरबसपुर (शाखा मनेंद्रगढ़) के माध्यम से समय पर खाद, बीज और जरूरी उर्वरक मिल गए हैं।

इस त्वरित सरकारी मदद से उनकी खेती की तैयारियां आसान हो गई हैं और वे अब पूरे उत्साह के साथ खेतों में बुआई की तैयारी कर रहे हैं। समय पर मिले इन कृषि आदानों के कारण इस बार उन्हें बेहतर फसल उत्पादन की पूरी उम्मीद है।

सीमित भूमि होने के कारण मोहरसाय के लिए खेती का हर मौसम बेहद महत्वपूर्ण होता है, जहां सही समय पर संसाधनों का मिलना ही अच्छी फसल की नींव रखता है। अपनी खुशी साझा करते हुए मोहरसाय ने बताया कि इस बार खरीफ फसल की तैयारी के दौरान उन्हें समिति से यूरिया, डीएपी और उन्नत किस्म के धान के बीज समय पर मिल गए। इस सहूलियत के कारण उन्हें बाजार से महंगे दामों पर सामग्री खरीदने या किसी निजी साहूकार से कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ी। सहकारी समिति की इस सुदृढ़ व्यवस्था ने उनकी बड़ी आर्थिक चिंता को दूर कर दिया है।

समय पर कृषि सामग्री मिलने से अब मोहरसाय अपने खेतों के सभी कार्य निर्धारित समय पर पूरे कर पा रहे हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि इस वर्ष अच्छी पैदावार होगी, जिससे उनके परिवार की आय बढ़ेगी और आर्थिक स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी। मोहरसाय ने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से समय पर खाद, बीज और कृषि ऋण उपलब्ध कराना किसान हित में एक बेहद सराहनीय कदम है। इस व्यवस्था से छोटे किसानों का समय, श्रम और पैसा तीनों बच रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह