home page

जशपुर : युवा किसान अंकित ने नवाचार से बदली खेती की तस्वीर

 | 
जशपुर : युवा किसान अंकित ने नवाचार से बदली खेती की तस्वीर


जशपुर, 24 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम रतबा के युवा किसान अंकित लकड़ा अपनी मेहनत और नई सोच के दम पर खेती को नई पहचान दे रहे हैं। पारंपरिक धान की खेती तक सीमित रहने के बजाय उन्होंने आधुनिक तकनीक और शासन की योजनाओं का लाभ उठाकर अपने खेत को बहुआयामी आय का सशक्त माध्यम बना लिया है।

अंकित बताते हैं कि पहले वे केवल बरसात के मौसम में धान की खेती करते थे, लेकिन बाद में मत्स्य विभाग से जानकारी लेकर उन्होंने अपने खेत में दो तालाब का निर्माण कराया। इन तालाबों के जरिए अब वे सालभर खेती कर रहे हैं और गर्मी के मौसम में भी बागवानी को सफलतापूर्वक आगे बढ़ा रहे हैं। तालाब के पानी का उपयोग कर उन्होंने आम और लीची के पेड़ लगाए हैं, जो अतिरिक्त आय का जरिया बन रहे हैं और साथ ही मिट्टी के कटाव को भी रोकते हैं।

उन्होंने अपने तालाबों के ऊपर शेड बनाकर मछली पालन के साथ-साथ मुर्गी पालन की अनोखी व्यवस्था तैयार की है। लगभग 1000 से 1200 क्षमता वाले इस शेड में मुर्गियों का अपशिष्ट मछलियों के लिए आहार का काम करता है, जिससे लागत कम होती है और उत्पादन बढ़ता है। इस तरह एक ही जगह पर दो व्यवसायों को जोड़कर उन्होंने एक प्रभावी मॉडल विकसित किया है।

अंकित को प्रधानमंत्री मत्स्य योजना के तहत पॉन्ड लाइनर सहित करीब 8 लाख रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई है। इसके अलावा उन्हें पॉलीथिन, बोर, मोटर और फीड जैसी आवश्यक सामग्री भी विभाग से मिली है, जिससे उनका काम और सुगम हुआ है।

अंकित लकड़ा की यह सफलता कहानी साबित करती है कि नई सोच, नवाचार और योजनाओं के सही उपयोग से खेती को लाभकारी व्यवसाय में बदला जा सकता है। वे आज क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं और आधुनिक कृषि की दिशा में एक मजबूत उदाहरण पेश कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह