home page

विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में हुए विलीन, नम आंखों से दी अंतिम विदाई

 | 
विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पंचतत्व में हुए विलीन, नम आंखों से दी अंतिम विदाई


रायपुर, 31 अक्टूबर (हि. स.)। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा आज शनिवार को पंचतत्व में विलीन हो गए।

बालोद जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वर्गीय श्री कोर्सेवाड़ा की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका असमय निधन पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। श्री कोर्सेवाड़ा अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से दूसरी बार विधायक निर्वाचित हुए थे। वे अत्यंत सुलझे हुए, परिपक्व, मिलनसार और मृदुभाषी जनप्रतिनिधि थे। वे सदैव अपने क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए चिंतित रहते थे। एक शिक्षक से विधायक तक का उनका सफर जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की आयु में हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था। आज शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर विमान से रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचा, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके पश्चात पार्थिव शरीर को उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल एवं भोजराज नाग, विधायक पुन्नूलाल मोहले, ईश्वर साहू, ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह, कलेक्टर बालोद दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी किरण गंगाराम चव्हाण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर सम्मान व्यक्त करते हुए बालोद जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह को सादगी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत समारोह में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। अब राज्योत्सव में केवल शासकीय योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर