home page

कोरबा : कमिश्नर से अभद्रता के विरोध में पार्षद एकजुट, व्यवसायी पर कार्रवाई की मांग

 | 
कोरबा : कमिश्नर से अभद्रता के विरोध में पार्षद एकजुट, व्यवसायी पर कार्रवाई की मांग


कोरबा, 05 अगस्त (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा के महापौर, सभापति एवं सभी दलों के पार्षद नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे के साथ कथित अभद्र व्यवहार के विरोध में एकजुट हो गए हैं। पार्षदों ने बुधवार को कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में संबंधित व्यवसायी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, पावर हाउस रोड स्थित राहुल बैग स्टोर के संचालक पर नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे तथा अन्य अधिकारियों के साथ स्वच्छता अभियान से जुड़े मुद्दे पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। आरोप है कि व्यवसायी ने निगम कार्यालय में बड़ी संख्या में लोगों को लेकर पहुंचने और हंगामा करने की धमकी भी दी थी।

पार्षदों ने इस पूरे घटनाक्रम की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उनका कहना है कि नगर निगम की टीम शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और ऐसे में अधिकारियों के साथ अभद्रता करना अनुचित है।

नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि नगर निगम आयुक्त के साथ कथित अभद्र व्यवहार की घटना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन किसी भी शासकीय अधिकारी के साथ अभद्रता और धमकी स्वीकार्य नहीं है। नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी शहर के विकास और स्वच्छता व्यवस्था के लिए कार्य कर रहे हैं। यदि किसी को कोई शिकायत है तो उसके समाधान के लिए विधिसम्मत प्रक्रिया अपनानी चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

पार्षदों ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इससे प्रशासनिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

इस दौरान, सभापति, नेता प्रतिपक्ष नूतन सिंह ठाकुर सहित भाजपा एवं कांग्रेस के पार्षद बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अभद्रता की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी