राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने स्थानीय विक्रेताओं से खरीदे मिट्टी के दीये
रायपुर, 31 अक्टूबर (हि. स.)। प्रदेश के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने आज शनिवार को राजधानी रायपुर के पंडरी बाजार में स्थानीय विक्रेताओं से मिट्टी के दीये खरीदकर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि दीपावली पर स्थानीय कारीगरों, कुम्हारों और छोटे व्यापारियों के उत्पादों को प्राथमिकता देकर उनकी आजीविका को मजबूत बनाने में सहभागी बनें। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं और परिवारों से मिट्टी के दीये, पूजा सामग्री, सजावटी वस्तुएं तथा हस्तशिल्प उत्पाद खरीदने का आग्रह किया।
प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मंत्री वर्मा ने कहा कि इस पर्व पर हम सभी संकल्प लें कि अपने घर के साथ मेहनतकश परिवारों के जीवन में भी खुशियों का उजाला फैलाएंगे। उन्होंने कहा कि इस दीपावली में जलने वाला हर मिट्टी का दीया केवल हमारे घर को रोशन न करे, बल्कि उसे बनाने वाले कुम्हार के घर में भी समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

