दिव्यांग बच्चों के बीच पहुंचीं मंत्री राजवाड़े, आवासीय विद्यालय का किया निरीक्षण
नारायणपुर, 28 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े आज रविवार को अपने नारायणपुर प्रवास के दौरान दिव्यांग आवासीय विद्यालय पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत की और चॉकलेट, पेन वितरित कर उनका उत्साह बढ़ाया। दौरे के दौरान मंत्री ने बखरूपारा स्थित बालिका आश्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
इस दौरान बच्चों ने मंत्री से सवाल किया कि उनके बीच आकर उन्हें कैसा महसूस हो रहा है? इस पर मंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि बच्चों के साथ समय बिताकर उन्हें बेहद खुशी और आत्मिक संतोष का अनुभव हो रहा है। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ अपने लक्ष्य साझा किए। मंत्री ने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, आत्मविश्वास बनाए रखने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। बेहतर शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन किया जा रहा है, ताकि हर बच्चे को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

