home page

“योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, काम में गुणवत्ता और गति रखें” : मंत्री राजवाड़े

 | 
“योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, काम में गुणवत्ता और गति रखें” : मंत्री राजवाड़े


“योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, काम में गुणवत्ता और गति रखें” : मंत्री राजवाड़े


बलरामपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास मंत्री और बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आज शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने जिले में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

मंत्री राजवाड़े ने कहा कि विकास कार्यों का असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए। अधिकारी केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि मैदानी क्षेत्रों में जाकर योजनाओं की नियमित निगरानी करें। उन्होंने कहा कि काम में गुणवत्ता और गति दोनों सुनिश्चित की जाएं और अगली समीक्षा बैठक तक योजनाओं की प्रगति स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।

बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों, खाता विभाजन, सीमांकन और एग्रीस्टेक पंजीयन की समीक्षा की गई। मंत्री ने किसानों का एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने खाद-बीज के भंडारण और वितरण की जानकारी लेते हुए किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण में पारदर्शिता रखने को कहा।

मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों में मुनगा पौधरोपण की जानकारी लेते हुए हर घर में मुनगा लगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत है, इसलिए इसे पोषण अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाए।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि महिलाओं की आय बढ़ने के साथ परिवार का पोषण स्तर भी बेहतर हो।

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने निर्माणाधीन स्कूल भवनों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

न्योता भोज, आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता और स्कूलों के सामुदायिक शौचालयों में पानी, साफ-सफाई और नियमित संचालन की भी समीक्षा की गई।

आंगनबाड़ी और महिला योजनाओं की समीक्षा

मंत्री ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना की ई-केवाईसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत तथा जलस्रोतों के संरक्षण और जलसंचय के कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।

स्वास्थ्य, पशुपालन और सड़क कार्यों पर भी नजर

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिला अस्पताल में साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाएं बेहतर रखने तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग में कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक पशुपालकों को योजनाओं से जोड़ने को कहा गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान रखने तथा नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हांकन कर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।

हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में वर्षा और बोवाई की स्थिति, एग्रीस्टेक पंजीयन, विकसित भारत-जी राम जी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की प्रगति की जानकारी दी।

पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने अपराध, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी। वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी।

हाथी प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए मंत्री ने नियमित मुनादी कराने, ग्रामीणों को समय पर सतर्क करने और जनहानि रोकने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, विधायक प्रतिनिधि बलवंत सिंह सहित जिले के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय