home page

कोरबा : मिनीमाता बांगो बांध  का जलस्तर 94 प्रतिशत के पार, 49,828 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, निचले इलाके में अलर्ट

 | 
कोरबा : मिनीमाता बांगो बांध  का जलस्तर 94 प्रतिशत के पार, 49,828 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, निचले इलाके में अलर्ट


कोरबा, 17 अगस्त (हि. स.)। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच काेरबा जिले के मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में बढ़ती जल आवक को देखते हुए सोमवार सुबह बांध से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ा दी गई। जल संसाधन विभाग ने सुबह करीब 10 बजे से अतिरिक्त 8,828 क्यूसेक पानी छोड़ा, जिसके बाद कुल जल छोड़ाव बढ़कर 49,828 क्यूसेक प्रति सेकंड हो गया है। विभाग ने हसदेव नदी के किनारे और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

जलाशय की ताजा स्थिति के अनुसार सुबह बांध का जलस्तर 358.70 मीटर दर्ज किया गया, जो कुल क्षमता का करीब 94.24 प्रतिशत है। पिछले 10 घंटे में जलस्तर में करीब 7 सेंटीमीटर की वृद्धि हुई है। वर्तमान में बांध के 9 गेट खुले हैं और इनसे करीब 41,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जल निकासी की प्रक्रिया 16 अगस्त की सुबह 8:45 बजे से लगातार जारी है।

जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 9 बजे से लगभग दो घंटे तक क्षेत्र में तेज बारिश हुई। सोमवार सुबह भी करीब 45 मिनट तक तेज बारिश जारी रही। लगातार बारिश के कारण जलाशय में पानी की आवक बढ़ रही है। इसी को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने गेटों से पानी के डिस्चार्ज की मात्रा बढ़ाने का निर्णय लिया है।

जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती ने साेमवार काे बताया कि जलाशय में पानी की आवक और लगातार हो रही बारिश को देखते हुए गेटों से पानी छोड़ने की मात्रा बढ़ाई जा रही है। करीब 10 बजे से अतिरिक्त 8,828 क्यूसेक पानी छोड़ा गया, जिससे कुल डिस्चार्ज बढ़कर 49,828 क्यूसेक हो गया। उन्होंने निचले क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।

बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण हसदेव नदी और आसपास के नदी-नालों में जलस्तर बढ़ सकता है। विभाग ने लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने कहा गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी