home page

‘मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने रंगों से दिखाई कल्पना

 | 
‘मेरे सपनों का भारत’ में विद्यार्थियों ने रंगों से दिखाई कल्पना


जिले के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में हुई चित्रकला प्रतियोगिता, विकसित और स्वच्छ भारत की तस्वीरें कैनवास पर उतरीं

बलरामपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में शुक्रवार काे ‘मेरे सपनों का भारत-चित्र सेवा’ चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी कल्पना और कलात्मक प्रतिभा को रंगों के माध्यम से कागज और कैनवास पर उकेरा।

विद्यार्थियों ने विकसित भारत, स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण, सामाजिक समरसता और आधुनिक राष्ट्र की कल्पना को चित्रों के जरिए प्रस्तुत किया। अलग-अलग विषयों पर बनाए गए चित्रों में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच के साथ देश के भविष्य को लेकर उनकी कल्पनाएं भी दिखाई दीं।

प्रतियोगिता के दौरान संस्था प्रमुखों और शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों को रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सामाजिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने का अवसर भी मिला।

जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच को बढ़ावा देने के साथ उन्हें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता जैसे विषयों से जोड़ना रहा। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की भागीदारी ने विद्यालयों में रचनात्मक गतिविधियों के प्रति उनके उत्साह को भी सामने रखा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय