home page

60 परिवारों को मिलेगी आवास की उम्मीद: मुजगहन की घास भूमि को आबादी घोषित करने उठी मांग

 | 
60 परिवारों को मिलेगी आवास की उम्मीद: मुजगहन की घास भूमि को आबादी घोषित करने उठी मांग


धमतरी, 16 जून (हि.स.)। ग्राम पंचायत मुजगहन में आवासीय भूमि की कमी से जूझ रहे लगभग 60 परिवारों को राहत दिलाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों ने बड़ा कदम उठाया है। सरपंच होमेश्वर साहू एवं जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्टर अबिनाश मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर वर्षों से आबाद शासकीय घास भूमि को ‘आबादी भूमि’ घोषित करने की मांग की है।

जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल, मुजगहन सरपंच होमेश्वर साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत के खसरा नंबर 1453, 1454 एवं 1455 की कुल 1.40 हेक्टेयर शासकीय घास भूमि पर पिछले 40 वर्षों से अधिक समय से करीब 60 परिवार निवास कर रहे हैं। पीढ़ियों से यहां रह रहे इन परिवारों को अब तक भूमि का वैधानिक अधिकार नहीं मिल पाया है, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल रहा और भविष्य को लेकर असुरक्षा बनी हुई है।

सरपंच होमेश्वर साहू ने कहा कि गांव की बढ़ती जनसंख्या के कारण आवासीय भूमि का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। लंबे समय से बसे गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए जमीन की कमी बड़ी समस्या बन चुकी है। उन्होंने प्रशासन से जनहित में भूमि को आबादी घोषित कर पात्र परिवारों को पट्टा प्रदान करने की मांग की। वहीं जनपद सदस्य कीर्तन मीनपाल ने इसे 60 परिवारों के आशियाने और भविष्य से जुड़ा संवेदनशील मुद्दा बताते हुए कहा कि चार दशक से निवासरत परिवारों को अधिकार दिलाने के लिए प्रशासन को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।

उन्होंने राजस्व विभाग से सर्वे कराकर आबादी घोषणा की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की अपील की। पंचायत द्वारा कलेक्टर कार्यालय में सौंपे गए आवेदन के साथ ग्राम पंचायत का प्रस्ताव, वर्तमान आबादी की स्थिति तथा संबंधित भूमि के नक्शा-खसरा दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी मांग पर सकारात्मक पहल कर वर्षों पुरानी आवास समस्या का समाधान करेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान उपसरपंच जतिन साहू, सचिव दीपक सोनकर, पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा