home page

रायगढ़ : विभिन्न मांगों को लेकर सांसद , विधायक के माध्यम से कर्मचारी संघ सौंपेगा ज्ञापन

 | 
रायगढ़ : विभिन्न मांगों को लेकर सांसद , विधायक के माध्यम से कर्मचारी संघ सौंपेगा ज्ञापन


विभिन्न मांगों को लेकर सांसद , विधायक के माध्यम से कर्मचारी संघ सौंपेगा ज्ञापन

रायगढ़ 02 जुलाई (हि.स.)। लंबित मांगों पर सरकार की चुप्पी से नाराज प्रदेश के शासकीय कर्मचारी अब जनप्रतिनिधियों के माध्यम से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ ने 7 से 11 जुलाई तक पूरे छत्तीसगढ़ में सांसदों और विधायकों को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।

संघ का कहना है कि 10 जून को जिला एवं विकासखंड मुख्यालयों में ध्यानाकर्षण ज्ञापन सौंपे जाने के बावजूद शासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में अब प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा।

इस अभियान में छत्तीसगढ़ प्रदेश कृषि विभाग शासकीय कर्मचारी संघ, स्वास्थ्य संयोजक संघ, आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ, निःशक्त कर्मचारी अधिकारी संघ तथा छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी पेंशनर एसोसिएशन संयुक्त रूप से भाग लेंगे।

जिला शाखा अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय ने आज गुरुवार काे बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 1 जनवरी 2026 से लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता, कैशलेस चिकित्सा सुविधा के आदेश जारी करना, सेवानिवृत्ति पर 300 दिनों के अवकाश नगदीकरण का लाभ, संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण, शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवागत लाभ तथा अनुकंपा नियुक्ति पर लागू 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।

रायगढ़ जिले में शेख कलीमुल्लाह, संतोष कुमार पाण्डेय, केशव पटेल, संजीव शेट्टी, एल.बी.एस. जाटवर, राम लखन सिंह सहित सभी पदाधिकारियों के नेतृत्व में जिलेभर में सांसदों एवं विधायकों को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान