महापौर ने 167.96 लाख रुपये के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
जगदलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। शहर के विकास को गति देने के उद्देश्य से पंडित सुंदरलाल शर्मा वार्ड क्रमांक 32 में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन महापौर संजय पांडे ने किया। बोधघाट चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में आज बुधवार काे महापौर ने कुल 167.96 लाख रुपये के विकास कार्यों की आधारशिला रखी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर संजय पांडे ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता शहर के प्रत्येक वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है। विकास का मतलब केवल सड़क और नाली निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि शहरवासियों को बेहतर वातावरण, मनोरंजन, सामाजिक गतिविधियों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना भी नगर विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्ययोजना के अनुसार मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत पार्क निर्माण के लिए 19.63 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं 15वें वित्त आयोग से अटल आवास के पीछे आरसीसी नाली निर्माण के लिए 25.36 लाख रुपये तथा पत्ता गोदाम से राव वेल्डिंग दुकान तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 10.32 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा बस्तर विकास प्राधिकरण मद वर्ष 2025-26 से डोम शेड निर्माण भाग-1 और भाग-2 के लिए 25-25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा संचालित निराश्रित निधि से वरिष्ठ नागरिकों के लिए सिविल लाइन वार्ड में सियान कुटीर निर्माण हेतु 12.65 लाख रुपये तथा रमाया वार्ड में आर्ट गैलरी मद से जगदलपुर में कला केंद्र की स्थापना के लिए 50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इन सभी विकास कार्यों की कुल लागत 167.96 लाख रुपये है।
महापौर संजय पांडे ने कहा कि यदि वार्डवासी समिति बनाकर पार्क और ओपन जिम के संरक्षण एवं संवर्धन का कार्य करते हैं, तो पार्क में अतिरिक्त राशि खर्च कर उसे और भव्य बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वार्डों में जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए नालियों का निर्माण और सुधार जरूरी है। इसी उद्देश्य से आरसीसी नाली निर्माण के कार्य कराए जा रहे हैं। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर चरणबद्ध तरीके से उसका समाधान किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि शहर के विकास में नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और विकास कार्यों का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के लिए सियान कुटीर जैसी पहल को सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य बताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जगदलपुर को ऐसा शहर बनाने का लक्ष्य है, जहां बेहतर सड़क और नाली व्यवस्था के साथ स्वच्छ वातावरण, मनोरंजन, कला-संस्कृति और नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार हो। उन्होंने विकास कार्यों में स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील पील करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि और जनता मिलकर शहर के विकास को नई दिशा दे सकते हैं।
एमआईसी सदस्य योगेंद्र पांडे ने कहा कि वार्ड में लगातार विकास कार्यों की स्वीकृति मिलने पर वार्डवासी महापौर संजय पांडे के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि महापौर के कार्यकाल में वार्ड में लगभग दो करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं तथा लगातार नए कार्यों की स्वीकृति प्रदान की जा रही है। उन्होंने सांसद महेश कश्यप एवं विधायक किरण देप का भी आभार व्यक्त किया।
इस दाैरान निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, नर्सिंग राव, अविनाश श्रीवास्तव, दिगंबर राव, संतोष बाजपेयी, पारुल बोथरा, खगेन्द्र ठाकुर, राजेश श्रीवास्तव, नीलम यादव, कौशिक शुक्ला, राजा यादव, रोशन झा सहित वार्डवासी डीके परासर, गौतम आचार्य, केके द्विवेदी, अजय पाल, रामनरेश पांडेय, मनीष मूलचंदानी, कल्पना शर्मा एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

