home page

महापौर ने अभियंता दिवस पर नगर निगम के अभियंताओं का किया सम्मान

 | 
महापौर ने अभियंता दिवस पर नगर निगम के अभियंताओं का किया सम्मान


जगदलपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। अभियंता दिवस के अवसर पर आज मंगलवार काे नगर पालिक निगम जगदलपुर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में महापौर संजय पांडे द्वारा नगर निगम में कार्यरत अभियंताओं को सम्मानित कर अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर शहर के विकास एवं निर्माण कार्यों में अभियंताओं द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की गई। सम्मान समारोह में कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, सहायक अभियंता अमर सिंह, गगन वासन, दीपांशु देवांगन, धर्मेंद्र मिश्रा उप अभियंता दिलीप मरकाम, अशोक कोर्राम, प्रवीण पोयाम,मुग़ल किशोर साहू ,अमन नेताम ,योगेश पांडे उपस्थित रहे।

महापौर संजयपांडे ने कहा कि शहर के विकास में अभियंताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। नगर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य सुनिश्चित करने तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में अभियंताओं का तकनीकी ज्ञान और अनुभव महत्वपूर्ण योगदान देता है। सड़क, नाली, भवन, जल निकासी, स्वच्छता अधोसंरचना सहित विभिन्न विकास कार्यों की योजना बनाने से लेकर उनके गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन तक अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्हाेने कहा कि अभियंता केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे शहर के भविष्य की आधारभूत संरचना तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आधुनिक तकनीक, बेहतर योजना और नवाचार के माध्यम से शहर को अधिक व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने में अभियंताओं का योगदान सराहनीय है। शहर के विकास के लिए इसी प्रकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

अभियंताओं ने भी इस सम्मान के लिए महापौर जी एवं नगर निगम का आभार व्यक्त किया और शहर के विकास एवं नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर तत्परता के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

समारोह में नगर पालिक निगम के अधिकारी-कर्मचारी, अभियंता सहित लोक निर्माण विभाग की सभापति निर्मल पाणिग्रही, स्वास्थ्य विभाग के सभापति लक्ष्मण झा, राजपाल कशेर एवं विदुशेखर झा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे