home page

महापौर दलपत सागर पर 9.88 करोड़ के खर्च का लेखा-जोखा सार्वजनिक करें : सुशील मौर्य

 | 
महापौर दलपत सागर पर 9.88 करोड़ के खर्च का लेखा-जोखा सार्वजनिक करें : सुशील मौर्य


जगदलपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी की दलपत सागर में शुक्रवार काे आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि बस्तर की ऐतिहासिक दलपत सागर के उन्नयन और सौंदर्यीकरण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद आज दलपत सागर का बड़ा हिस्सा जलकुंभी से ढका हुआ है, जिससे इसकी सुंदरता और पर्यावरणीय स्थिति प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में दलपत सागर की सफाई के लिए लाई गई मशीन आज भी मौजूद है। भाजपा के नगर निगम में सत्ता में आने के बाद दलपत सागर के उन्नयन और अन्य कार्यों के नाम पर स्वीकृत राशि 9.88 करोड़ रुपये का पूरा हिसाब जनता के सामने कब रखा जाएगा? महापौर संजय पांडे को सार्वजनिक रूप से यह बताना चाहिए कि यह राशि किन-किन कार्यों पर खर्च हुई, किस संस्था या एजेंसी के माध्यम से कार्य कराया गया, कितनी राशि किस मद में खर्च की गई और वर्तमान में उन कार्यों की स्थिति क्या है। दलपत सागर की सफाई और संरक्षण के नाम पर आने वाली प्रत्येक राशि का पारदर्शी हिसाब शहर की जनता के सामने रखा जाना आवश्यक है।

इस दौरान नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि दलपत सागर के उन्नयन और सफाई के नाम पर स्वीकृत एवं प्राप्त राशि को लेकर महापौर और नगर निगम प्रशासन से विस्तृत एवं सार्वजनिक हिसाब देने की मांग की गई है। उन्हाेने कहा कि इसकी जानकारी जनता से क्यों छिपाई जा रही है? जगदलपुर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव द्वारा दलपत सागर के उन्नयन के लिए 9.88 करोड़ रुपये स्वीकृत होने की जानकारी सार्वजनिक रूप से दी गई थी। इसके बाद महापौर द्वारा विधायक, नगरीय प्रशासन मंत्री, सांसद एवं भाजपा सरकार का धन्यवाद ज्ञापित भी समाचार पत्रों के माध्यम से किया गया। लेकिन अब लगभग सवा वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी 9.88 करोड़ रुपये की इस स्वीकृत राशि से कितनी राशि खर्च हुई और वर्तमान में कितना पैसा उपलब्ध है। उन्हाेने कहा कि एनएमडीसी की 50 लाख रुपये की राशि में निगरानी समिति बनी, तो 9.88 करोड़ के कार्यों में निगरानी समिति कब बनेगी? उन्होंने कहा कि महापौर को केवल धन्यवाद ज्ञापन और बयानबाजी करने के बजाय शहर की जनता के सामने पूरा लेखा-जोखा प्रस्तुत करना चाहिए।

इस प्रेसवार्ता में मुख्य रूप से महामंत्री जाहिद हुसैन, मंडल अध्यक्ष वेंकट राव, पार्षद गौतम पाणिग्रही,शुभम यदू,राकेश मौर,रामकृष्ण तिवारी आदि मौजूद रहे ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे