home page

मनरेगा में फर्जीवाड़े का खुलासा, बिस्तर पर पड़ी महिला और कंपनी कर्मचारियों के नाम पर निकाली मजदूरी

 | 
मनरेगा में फर्जीवाड़े का खुलासा, बिस्तर पर पड़ी महिला और कंपनी कर्मचारियों के नाम पर निकाली मजदूरी


जांजगीर चांपा/बलौदा, 22 मई (हि. स.)। जनपद पंचायत बलौदा के ग्राम पंचायत हरदी विशाल में मनरेगा के तहत तालाब गहरीकरण कार्य में बड़े फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। जांच में ऐसे लोगों के नाम मजदूरों की सूची में दर्ज पाए गए हैं, जो या तो वर्षों से बिस्तर पर हैं, गांव छोड़ चुके हैं या फिर बड़ी कंपनियों में नौकरी कर रहे हैं।

मामले की शिकायत मिलने के बाद जनपद पंचायत सीईओ रोहित नायक ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित कर भौतिक सत्यापन के निर्देश दिए। आज शुक्रवार काे तकनीकी सहायक प्रीति अंचल, एडीओ अखिलेश राठौर और उप अभियंता बसंत कोशले की टीम गांव पहुंची और जांच शुरू की।

जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं संजय महिलांगे और कमल महिलांगे के साथ टीम एक लकवाग्रस्त महिला शिमला बाई के घर पहुंची। शिमला बाई की हालत ऐसी थी कि वह बिस्तर से उठ भी नहीं पा रही थीं, लेकिन मनरेगा के मस्टर रोल में उन्हें तालाब गहरीकरण कार्य में मजदूरी करते हुए दर्शाया गया था। यह देख जांच टीम भी हैरान रह गई।

शिकायतकर्ताओं द्वारा जांच टीम को सौंपी गई सूची में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। सूची के अनुसार मनरेगा के मस्टर रोल में एनटीपीसी सीपत में कार्यरत 13 कर्मचारियों और बालको प्लांट के 8 कर्मचारियों के नाम मजदूरों के रूप में दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा ऐसे 6 ग्रामीणों के नाम भी शामिल हैं, जो वर्षों पहले गांव छोड़कर पलायन कर चुके हैं।

इतना ही नहीं, चार नाबालिग लड़कों को भी मजदूरी करते हुए दर्शाया गया है, जबकि बाल श्रम कानूनन प्रतिबंधित है। मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

जांच टीम के सदस्य अखिलेश राठौर और बसंत कोशले ने बताया कि शिकायत गंभीर है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी तथा सभी तथ्यों की बारीकी से जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT