home page

आरंग स्थित स्टील प्लांट में लगी भीषण आग, जनहानि नहीं

 | 
आरंग स्थित स्टील प्लांट में लगी भीषण आग, जनहानि नहीं


रायपुर, 02 जून (हि.स.)। रायपुर जिले के एक स्टील प्लांट में मंगलवार सुबह ब्लाॅस्ट के कारण भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आरंग क्षेत्र स्थित मंदिर हसौद के मिवान स्टील लिमीटेड प्लांट में आग लगी है। काले धुंए का गुब्बार कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मौके पर पहुंच गई है। अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य जारी है। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। साथ ही अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

इस मामले में तहसीलदार विनोद साहू ने बताया कि मिवान स्टील प्लांट में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई है। फायर ब्रिगेड, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। आग लगने के कारणों और नुकसान की जांच की जा रही है।

मंदिर हसौद थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया कि प्लांट के भीतर टर्बाइन लीकेज होने से आग लगी थी। राहत की बात रही कि घटना में जनहानि नहीं हुई। फायर ब्रिगेड की मदद से 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल