गंगरेल में 14-15 अप्रैल को गोंड समाज का जिलास्तरीय सामूहिक विवाह, 55 जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में
धमतरी, 06 अप्रैल (हि.स.)। आदिवासी ध्रुव गोंड समाज जिला-धमतरी के तत्वावधान में पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों को सहेजते हुए 14 एवं 15 अप्रैल को गंगरेल स्थित आदिशक्ति माँ अंगारमोती धाम परिसर में जिला स्तरीय गोंड समाज सामूहिक विवाह एवं मुख्यमंत्री कन्या विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में लगभग 55 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे, जिनमें अन्य समाजों के जोड़े भी शामिल हैं।
समाज के पदाधिकारियों ने साेमवार काे बताया कि विवाह समारोह पूरी तरह गोंडी परंपरा, पेन पुरखाओं के नेंग-दस्तूर और सांस्कृतिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। आयोजन के प्रथम दिन 14 अप्रैल को मंडपाच्छादन, चुलमाटी, तेल मायन एवं हल्दी लेपन की रस्में निभाई जाएंगी। वहीं 15 अप्रैल को बारात आगमन, स्वागत, लगन, भांवर, टिकावन एवं आशीर्वाद समारोह का आयोजन होगा। कार्यक्रम को लेकर समाज के पदाधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं। विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।
15 अप्रैल को आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को निमंत्रण दिया गया है। महापौर रामू रोहरा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया, जिस पर उन्होंने गंगरेल आने का आश्वासन दिया।
इस दौरान समाज के संरक्षक जीवराखन मरई, जयपाल ठाकुर, देवनाथ नेताम, कृष्णा नेताम, महेश रावटे, शिव नेताम, कांशीराम छेदैया, नरसिंग मंडावी, रमी गौतम, भूमिका कोर्राम, पूजा कुंजाम, प्रदीप तुमरेटी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

